कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की भाजपा सरकार ने मुस्लिमों पर बड़ा दांव खेला है. मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने मुसलमानों के लिए आवंटित 4 प्रतिशत आरक्षण को खत्म कर दिया है. इसके साथ ही राज्य के आरक्षण कोटा में बड़े बदलाव किए हैं. अब अनुसूचित जाति (SC) को 17 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. लिंगायत-वोक्कालिगा समुदाय के लिए आरक्षण में बढ़ोतरी की गई है. शुक्रवार (24 मार्च) को हुई कैबिनेट बैठक में बोम्मई सरकार ने आरक्षण कोटा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 56 प्रतिशत कर दिया है.
कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि धार्मिक अल्पसंख्यकों का कोटा समाप्त कर दिया गया है. आगे बिना किसी बदलाव के EWS ग्रुप के 10 प्रतिशत पूल में शामिल किया जाएगा.
बता दें, केंद्र सरकार द्वारा दिया जाने वाला EWS कोटा 10 फीसदी है. अब ये नई सिफारिशें राज्य द्वारा केंद्र सरकार को भेजी जाएंगी. केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही लागू कर दी जाएंगी.
बोम्मई सरकार ने यह भी फैसला किया है कि मुसलमानों का 4 प्रतिशत कोटा अब वोक्कालिगा (2 प्रतिशत) और लिंगायत (2 प्रतिशत) को दिया जाएगा, जिनके लिए पिछले साल बेलगावी विधानसभा सत्र के दौरान 2C और 2D की दो नई आरक्षण श्रेणियां बनाई गई थीं. इसके अतिरिक्त, कर्नाटक सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षण 15 से 17 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (SC) के लिए 3 से 7 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है.
सरकार के मुताबिक, चार फीसदी (अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण) को 2C और 2D के बीच दो हिस्सों में बांटा जाएगा. वोक्कालिगा और अन्य के लिए चार प्रतिशत आरक्षण बढ़कर छह प्रतिशत हो जाएगा और वीरशैव पंचमसाली और अन्य (लिंगायत), जिन्हें 5 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा था, उन्हें अब सात प्रतिशत आरक्षण मिलेगा.
कर्नाटक राज्य में पहले कोटा को लेकर यह स्थिति थी
नंबर | श्रेणी | वर्ग | प्रतिशत |
1. | श्रेणी 1 | पिछड़ा वर्ग | 4 प्रतिशत |
2. | श्रेणी 2A | अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) | 15 प्रतिशत |
3. | श्रेणी 2B | मुस्लिम | 4 प्रतिशत |
4. | श्रेणी 3A | वोक्कालिगा, आदि | 4 प्रतिशत |
5. | श्रेणी 3B | पंचमशाली लिंगायत, मराठा, बंट, ईसाई समेत लिंगायत | 5 प्रतिशत |
6. | अनुसूचित जाति (SC) | 15 प्रतिशत | |
7. | अनुसूचित जनजाति (ST) | 3 प्रतिशत | |
कुल | 50 प्रतिशत |
कैबिनेट बैठक के बाद वर्तमान सिफारिशें
नंबर | श्रेणी | वर्ग | प्रतिशत |
श्रेणी 1 | पिछड़ा वर्ग | 4 प्रतिशत | |
श्रेणी 2A | अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) | 15 प्रतिशत | |
श्रेणी 2B | 0 प्रतिशत | ||
श्रेणी 2C | वोक्कालिगा, आदि | 6 प्रतिशत | |
श्रेणी 2D | पंचमशाली लिंगायत, मराठा, बंट, ईसाई सहित लिंगायत | 7 प्रतिशत | |
अनुसूचित जाति (SC) | 17 प्रतिशत | ||
अनुसूचित जनजाति (ST) | 7 प्रतिशत | ||
कुल | 56 प्रतिशत |
आरक्षण में क्या बदलाव हुए हैं?
अनुसूचित जाति (SC) 15 प्रतिशत से 17 प्रतिशत तक हो गया.
अनुसूचित जनजाति (ST) 3 प्रतिश से 7 प्रतिशत तक हो गया.
मुसलमानों को 2B से हटा दिया गया, उन्हें 4 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा था. अब उन्हें EWS कोटे में रखा जाएगा. उनके 4 प्रतिशत आरक्षण को 2C के तहत वोक्कालिगा को 2 प्रतिशत और 2D के तहत लिंगायतों को 2 प्रतिशत दिया जाएगा.